
कलेक्टर ने नक्शा बटांकन की धीमी प्रगति पर जताई कड़ी नाराजगी
जांजगीर-चांपा, 25 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को अनुविभाग अकलतरा के राजस्व अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नक्शा बटांकन की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और अब परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने के निर्देश दिए।
बैठक में एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, बकेट क्लेम अभियान, नक्शा बटांकन, नामांतरण-बंटवारा, अभिलेख सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना एवं स्वामित्व कार्ड वितरण सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि नक्शा बटांकन के कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और दैनिक प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं फील्ड में जाकर राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं कार्यों की वास्तविक प्रगति का निरीक्षण करेंगे।
राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अभिलेखों को दुरुस्त एवं अद्यतन रखना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भू-अर्जन के बाद संबंधित भूमि के रिकॉर्ड को शीघ्र अपडेट करने तथा नक्शा, खसरा और बी-1 को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजस्व निरीक्षकों एवं पटवारियों से फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी भी ली और उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एग्रीस्टैक और डिजिटल क्रॉप सर्वे की भी समीक्षा
बैठक में अविवादित एवं विवादित नामांतरण-बंटवारा, अभिलेख सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना, डिजिटल हस्ताक्षरित खसरे, आधार सीडिंग, एग्रीस्टैक फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग तथा असर्वेक्षित ग्रामों के सर्वे-रिसर्वे की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित रहे।



