
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पामगढ़ के मार्गदर्शन पर शासकीय हाई स्कूल परसदा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
जांजगीर-चांपा:- माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर/सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर के निर्देशानुसार आज दिनांक 08/08/2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पामगढ़ के मार्गदर्शन पर शासकीय हाई स्कूल परसदा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन पैरालीगल वालेंटियर कलाराम सांडील थाना पामगढ़ व पैरालीगल वालेंटियर राजेश कुमार कश्यप थाना मुलमुला द्वारा किया गया।
शिविर में सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य के द्वारा अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पैरालीगल वालेंटियर कलाराम सांडील ने छात्रों को बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य गरीब, जरूरतमंद और असहाय लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने नालसा के अंतर्गत मिलने वाली मुफ्त कानूनी सलाह, महिला एवं बच्चों के अधिकार, घरेलू हिंसा अधिनियम, बाल विवाह रोकथाम अधिनियम तथा पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वहीं पैरालीगल वालेंटियर राजेश कुमार कश्यप ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, यातायात नियमों एवं नशा मुक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर होने वाली कानूनी कार्यवाही से अवगत कराया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देकर जरुरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की सलाह दी।शिविर के दौरान छात्रों ने बढ़-चढ़कर प्रश्न पूछे जिनका संतोषजनक उत्तर पैरालीगल वालेंटियर्स द्वारा दिया गया। अंत में प्राचार्य ने विधिक सेवा प्राधिकरण एवं पैरालीगल वालेंटियर्स का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के शिविर से छात्रों में कानूनी जागरूकता बढ़ती है।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



