
कसडोल में झूठे गैंगरेप केस के नाम पर 3 लाख की उगाही की साजिश, 5 आरोपी गिरफ्तार
कसडोल, 28 जून 2026। कसडोल पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज कराकर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने ग्राम के सरपंच और बीडीसी सदस्य को गंभीर मामले में फंसाने की धमकी देकर उनसे 3 लाख रुपये की उगाही करने की योजना बनाई थी।
जानकारी के अनुसार, 24 जून को एक युवती ने थाना कसडोल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव के सरपंच और बीडीसी सदस्य ने नौकरी दिलाने के नाम पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता से विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसके साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। उसने बताया कि कुछ लोगों ने मिलकर उसे झूठी शिकायत करने के लिए तैयार किया था। योजना के तहत सरपंच और बीडीसी सदस्य को गंभीर अपराध में फंसाकर उनसे बड़ी रकम वसूलने की कोशिश की जानी थी।
पुलिस ने जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में भागवत थवाईत (27 वर्ष) निवासी ग्राम कटगी, दीपक थवाईत (18 वर्ष) निवासी ग्राम कटगी, शिवा चेलक (19 वर्ष) निवासी ग्राम कटगी, विजय शंकर (40 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 12 लवन तथा पूनम (18 वर्ष) निवासी ग्राम सुकली, चौकी गिरोधपुरी, थाना गिधौरी शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक महिंद्रा थार वाहन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नोट: यह समाचार पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। मामले की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।



