
सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ, अब एक कॉल पर सुनी जाएगी जनता की हर समस्या
रायपुर, 9 जून 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने सुशासन और जनसुनवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में हेल्पलाइन का विधिवत शुभारंभ करते हुए इसके आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को सुनना, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों और सुझावों के आधार पर एक प्रभावी एवं स्थायी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन प्रणाली विकसित की गई।
अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे तथा शासन की योजनाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। यह प्रणाली जनता और शासन के बीच संवाद को मजबूत बनाने के साथ-साथ पारदर्शिता और जवाबदेही को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
डिजिटल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे नागरिक मोबाइल के माध्यम से आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली से राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं और 1195 श्रेणियों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की गई है।

प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेजी जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके संचालन के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, वहीं मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत मॉनिटरिंग करेगा।
कार्यक्रम में हेल्पलाइन प्रणाली की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और विशेषताओं की विस्तृत जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राज्य सरकार का मानना है कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने और शासन को अधिक प्रभावी बनाने का एक सशक्त मंच साबित होगी।इस कार्यक्रम का शुभारंभ विष्णु देव साय ने किया। कार्यक्रम में अरुण साव , विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “नागरिक देवो भव” मंत्र का भी उल्लेख किया गया।



