
धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर महोबे ने खोखरा और कुटरा उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के पहले दिन कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खोखरा एवं कुटरा धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी कार्य और किसानों की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों से एग्रीस्टैक पंजीयन, धान बेचने के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या और टोकन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने केंद्रों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने और धान की व्यवस्थित स्टैकिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने किसानों के लिए पेयजल, छाया, शेड सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही धान के सुरक्षित भंडारण और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों से कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखते हुए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएं।
इस अवसर पर उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



