
कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में मनाया गया गेंदा तिहार, किसानों को फूलों की खेती के लिए किया गया प्रेरित
समाचार रिपोर्ट: स्कूली पाठ्यक्रम में ‘भारत का संविधान’ को अनिवार्य विषय बनाने की मांग
जांजगीर-चांपा, 3 नवंबर 2026। जिले में किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में गेंदा तिहार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को गेंदा सहित अन्य फूलों की खेती अपनाने और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान किसानों को फूलों की खेती से होने वाले फायदे, विभागीय योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। वहीं उन्नत खेती करने वाले किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, शाकम्भरी बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित कृषि विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान और कृषि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि कृषि देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। किसानों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले की मिट्टी और कृषि परिस्थितियां खेती के लिए अनुकूल हैं। किसान परंपरागत खेती के साथ फूलों और उद्यानिकी फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने फसल विविधीकरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की मजबूत कड़ी हैं। किसानों की मेहनत से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने बताया कि जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसान गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं। शादी-विवाह, धार्मिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक आयोजनों में गेंदा फूल की मांग लगातार बनी रहती है। ऐसे में फूलों की खेती किसानों के लिए कमाई का अच्छा जरिया बन सकती है।
कलेक्टर ने किसानों से गेंदा फूल के साथ-साथ अन्य किस्मों के फूलों की खेती करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि किसान मिट्टी परीक्षण कराकर अपनी जमीन के अनुसार फसलों का चयन करें। रबी सीजन में भी उद्यानिकी और फूलों की खेती अपनाकर अतिरिक्त आमदनी प्राप्त की जा सकती है। इसके लिए किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र और उद्यानिकी विभाग के विशेषज्ञों से सलाह लेकर नई तकनीकों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के डीन मनीष कुमार, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा, सहायक संचालक उद्यानिकी रंजना मखीजा, केवीके प्रमुख श्री महंत, प्रगतिशील किसान दुष्यंत सिंह, नारायण गवेल, संजय सिंह, शिवकुमार तिवारी और संदीप तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



