
जांजगीर में धूमधाम से मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, विकास की झलकियों ने मोहा मन
प्रैक्टिकल के नाम पर नर्सिंग छात्रों से अवैध वसूली का आरोप, जनता कांग्रेस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमामय माहौल में किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की आकर्षक झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद
मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने प्रदेश की जनता को अलग पहचान और विकास का नया अवसर दिया। छत्तीसगढ़ की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में बिजली, खाद्यान्न, रोजगार और पलायन जैसी कई चुनौतियां थीं, लेकिन आज प्रदेश कृषि, उद्योग, सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। किसानों की मेहनत से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख धान उत्पादक राज्यों में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बनाए हुए है।
महिलाओं, किसानों और गरीब परिवारों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना तभी पूरा होगा, जब छत्तीसगढ़ भी विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
जांजगीर-चांपा की कृषि और सांस्कृतिक पहचान का किया उल्लेख
धरमलाल कौशिक ने जांजगीर-चांपा जिले की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला कृषि प्रधान होने के साथ-साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। महानदी सहित जिले की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर इसकी अलग पहचान है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों से मिलकर जिले और प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता से राज्य निर्माण का जो वादा किया था, उसे 1 नवंबर 2000 को पूरा किया। यह हमारे पुरखों का सपना था, जिसे अटल जी ने साकार किया। उन्होंने कहा कि 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखी सरकारी योजनाओं की झलक
राज्योत्सव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, पुलिस, आयुष, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों ने आकर्षक स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।



