
ई-ऑफिस की फाइलें 12 घंटे में निपटाएं अधिकारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश
सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी, IIT मद्रास के विशेषज्ञ ने अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रही सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने और सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
ई-ऑफिस की फाइलों में देरी नहीं चलेगी
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि ई-ऑफिस के माध्यम से मिलने वाली फाइलों का निराकरण 12 घंटे के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और काम में तेजी लाई जाए। ई-ऑफिस की फाइलों के निराकरण की हर सप्ताह समीक्षा भी की जाएगी।
अमृत मिशन के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
बैठक में अमृत मिशन के तहत चल रही जल आवर्धन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान देने और सभी काम तय समय-सीमा में पूरे कराने के निर्देश दिए।
पीएम सूर्यघर योजना का मिलेगा लाभ
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को योजना के लाभ और सब्सिडी की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा आवेदन करने से लेकर सोलर संयंत्र लगवाने तक आने वाली समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
31 अक्टूबर तक पूरा करें डिजिटल क्रॉप सर्वे
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की धीमी प्रगति को देखते हुए शेष सर्वे का काम 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेयर खेतों में जाकर काम कर रहे हैं। संबंधित अधिकारी किसानों से समन्वय बनाएं, ताकि सर्वे का काम समय पर पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि फसलों से संबंधित जानकारी का सही तरीके से सर्वे होने से किसानों को भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों के आवेदन बढ़ाने पर जोर
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कम प्रगति वाले महाविद्यालयों के साथ बैठक करने और अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभाग को नियमित निगरानी कर आवेदन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री के शिवरीनारायण दौरे की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित शिवरीनारायण प्रवास की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम की तैयारियां समय पर पूरी हो सकें।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



