
सिम्स बिलासपुर में बढ़ेंगी मरीजों की सुविधाएं, 5 करोड़ रुपये तक के कार्यों को मंजूरी
जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई, 8 वाहन जब्त
बिलासपुर, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में हुई स्वशासी समिति की बैठक में 5 करोड़ रुपये तक के निर्माण और नवीनीकरण कार्यों को मंजूरी दी गई।
बैठक में अस्पताल के अलग-अलग वार्डों के लिए 200 नए बेड खरीदने की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा बिजली बंद होने की स्थिति में भी अस्पताल का काम प्रभावित न हो, इसके लिए 500 केवीए क्षमता के 3 जनरेटर लगाए जाएंगे।
वार्डों और अस्पताल भवनों का होगा सुधार
बैठक में अस्पताल के पेंडिंग वार्ड के निर्माण और नवीनीकरण तथा बर्न वार्ड को बेहतर बनाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अस्पताल की रंगाई-पुताई और भवनों में बारिश के पानी को जमा करने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
इन कामों से अस्पताल की सुविधाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर माहौल मिल सकेगा।
मेडिकल कॉलेज में भी होंगे कई काम
सिम्स मेडिकल कॉलेज में भी कई निर्माण और सुधार कार्य किए जाएंगे। इनमें रजत जयंती समारोह की तैयारी, रजत जयंती स्तंभ का निर्माण, ऑडिटोरियम की रंगाई-पुताई और अन्य मरम्मत कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा सेंट्रल एसी और वीआरवी सिस्टम, कॉलेज भवन की तीसरी मंजिल पर शेड, स्किल लैब में डक्टिंग, मॉर्चुरी भवन के ऊपर अतिरिक्त कमरा और कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार का नवीनीकरण भी किया जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए फैसलों पर हुई कार्रवाई की जानकारी से हुई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभिन्न प्रस्तावों पर जरूरी निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त रितेश कुमार अग्रवाल, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त संजीव झा सहित सिम्स के अधिकारी, चिकित्सक और समिति के सदस्य मौजूद रहे।



