
जांजगीर-चांपा में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई, 8 वाहन जब्त
जांजगीर-चांपा, 9 अक्टूबर 2026। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच की। इस दौरान एक जेसीबी मशीन और 7 ट्रैक्टर समेत कुल 8 वाहन जब्त किए गए।
खनिज विभाग के अनुसार, ग्राम नवापारा (केवा) में जांच के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में एक जेसीबी एक्सकैवेटर मशीन का इस्तेमाल पाया गया। टीम ने मशीन को जब्त कर कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है।
वहीं, ग्राम महुदा, पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा, चांपा और नवागढ़ क्षेत्र में भी अचानक जांच की गई। इस दौरान पीथमपुर में हसदेव नदी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन करते हुए 7 ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना चांपा, नवागढ़ और कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
**खनिज नियमों के तहत होगी आगे की कार्रवाई**
प्रशासन के अनुसार, दर्ज मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने संबंधित विभागों को जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।


