
बाढ़ में फंसे 6 कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित लाया गया
कलेक्टर-एसपी ने तटीय क्षेत्रों और राहत शिविरों का किया निरीक्षण, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
बीजापुर, 27 सितंबर 2026। लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी और आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। इससे माड़ क्षेत्र में गिरदावरी सर्वे करने गए पटवारी और सर्वेयर समेत 6 कर्मचारी बाढ़ के बीच फंस गए।
कर्मचारियों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू की तैयारी शुरू की। प्रशासन ने एयरलिफ्ट की व्यवस्था कर सभी 6 कर्मचारियों को सुरक्षित बीजापुर जिला मुख्यालय पहुंचाया।
जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद सभी कर्मचारियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में सभी की हालत सामान्य पाई गई।
बताया गया कि 6 सदस्यीय टीम गिरदावरी सर्वे के काम से बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान लगातार बारिश होने से नदी-नालों में पानी बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति बन गई। रास्ते बंद होने के कारण कर्मचारी वहीं फंस गए थे।
कर्मचारियों के सुरक्षित लौटने के बाद कलेक्टर श्री विश्वदीप ने जिला अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और कठिन परिस्थितियों में भी अपना काम करने के लिए उनकी सराहना की।
कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ और आपदा की स्थिति में लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। राहत और बचाव की टीमें लगातार हालात पर नजर रख रही हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा रही है।
इस दौरान आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी श्री मुकेश देवांगन, तहसीलदार श्री पंचराम सलामे, जिला सेनानी श्री पी.बी. सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



