
कलेक्टर-एसपी ने तटीय क्षेत्रों और राहत शिविरों का किया निरीक्षण, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 27 सितंबर 2026। महानदी का जलस्तर बढ़ने और तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने रविवार को शिवरीनारायण क्षेत्र का दौरा कर महानदी के बैराज, पुल और आसपास के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, बहाव, सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

राहत शिविर में भोजन-पानी समेत जरूरी सुविधाएं
कलेक्टर-एसपी ने श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। शिविर में भोजन, पीने का पानी, बिजली, स्वच्छता और शौचालय सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
महानदी पुल से आवागमन बंद
महानदी के पुल पर पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल से आवागमन बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने पुलिस और संबंधित विभागों को पुल तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
संवेदनशील और जलभराव की आशंका वाले अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात
जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जलभराव के कारण होने वाली संभावित बीमारियों और संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जरूरी उपाय भी किए जा रहे हैं।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी
कलेक्टर-एसपी ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं।
तटीय और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और अन्य जरूरी संसाधन तैयार रखे गए हैं।
पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को संभावित खतरे और सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन की लोगों से अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव वाले पानी में सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से बंद किए गए मार्गों और स्थानों पर जाने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



