
जांजगीर-चांपा पुलिस का अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ा एक्शन, 12 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाते हुए कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमार कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 120 लीटर कच्ची महुआ शराब और 191 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 39,280 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में देर रात नेशनल हाईवे के ढाबों की सघन जांच की गई। इसके बाद सुबह ग्राम तूषमा, कुरियारी, कमरीद, सहसा, पामगढ़, अकलतरा, बलौदा और सारागांव सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने वालों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पामगढ़, शिवरीनारायण, बलौदा, सारागांव, नवागढ़, जांजगीर और अकलतरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों में अवैध शराब जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाले ऐसे अवैध कारोबारियों पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



