
सुरक्षित छत्तीसगढ़ की ओर बड़ा कदमः ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ के 22 हाईटेक वाहन रवाना
रायपुर, 21 मई 2026/ प्रदेश में नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ सेवा के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 22 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सुरक्षित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि “एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता” की सोच पर आधारित डायल-112 सेवा संकट की स्थिति में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। आधुनिक तकनीक से लैस इन वाहनों से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइमिंग बेहतर होगी और कानून व्यवस्था अधिक मजबूत बनेगी।
‘नेक्स्ट जेन CG डायल-112’ सेवा के तहत कुल 22 वाहन शामिल किए गए हैं। इनमें 18 डायल-112 आपातकालीन रिस्पॉन्स वाहन, 3 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन और 1 फॉरेंसिक वाहन शामिल हैं। सभी वाहन आधुनिक GPS, उन्नत संचार प्रणाली और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इससे कंट्रोल रूम को रियल-टाइम लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी और पुलिस बल बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच सकेगा।
हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों के माध्यम से राजमार्गों पर दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी, जबकि फॉरेंसिक वाहन घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में सहायक होगा।
सेवा का नया ध्येय वाक्य — “एक नंबर, अनेक माध्यम, त्वरित सहायता… डायल 112 – एक्के नम्बर, सब्बो बर” — आम लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इन नए हाईटेक वाहनों के संचालन से अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता उपलब्ध हो सकेगी।



