
दीपावली से पहले भिलाई को कचरामुक्त बनाने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त हुए प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा
छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रॉप सर्वे 10 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश, अब तक 93.84% काम पूरा
रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। दीपावली से पहले भिलाई शहर को कचरामुक्त बनाने और नागरिकों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने नगर निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को सेवाएं देने में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को रोज सुबह अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने भिलाई नगर निगम के लंबित कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का समय पर निराकरण करने को कहा।
रोज सुबह फील्ड में उतरेंगे अधिकारी
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जोन कमिश्नरों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करनी होगी, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
दीपावली से पहले शहर की सफाई पर जोर
बैठक में भिलाई की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने सभी जोन कमिश्नरों को दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत कचरा प्रबंधन और कचरे के प्रसंस्करण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की धीमी गति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करते हुए नियमित निगरानी की जाए, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हो सकें।
प्रधानमंत्री आवास योजना में इन वर्गों का रखें ध्यान
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा करते हुए प्रमुख सचिव ने आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के साथ पात्र हितग्राहियों के लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने को कहा। इसके अलावा ई-बस सेवा योजना शुरू करने की तैयारियों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
जल संरक्षण और राजस्व वसूली में सुधार पर जोर
बैठक में जल प्रदाय, जल संरक्षण, मिशन अमृत और तालाबों के रखरखाव से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने जल स्रोतों को सुरक्षित रखने और भविष्य की जरूरतों के अनुसार जल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिलों और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, ई-ऑफिस और डिजिटल व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने को कहा।
निदान-1100 की शिकायतों का समय पर होगा निराकरण
प्रमुख सचिव ने निदान-1100 के माध्यम से मिलने वाली नागरिक शिकायतों की नियमित निगरानी करने और उनका निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने को कहा।
बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, भिलाई नगर निगम की आयुक्त सुरुचि सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



