
राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली पोषण शपथ
जांजगीर-चांपा, 09 सितंबर 2026। जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में वेबकास्टिंग के माध्यम से राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जिले के सभी परियोजना कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिले में पोषण और स्वास्थ्य को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को पोषण एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए पोषण शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी, सभी पर्यवेक्षक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



