
जांजगीर-चांपा से 277 तीर्थयात्री पुरी रवाना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना से पूरा होगा भगवान जगन्नाथ के दर्शन का सपना
आईटीआई विद्यार्थियों को सेवा सेतु पोर्टल की ऑनलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी
जांजगीर-चांपा, 24 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत जिले के 277 तीर्थयात्रियों को चांपा रेलवे स्टेशन से पुरी, कोणार्क और भुवनेश्वर की यात्रा के लिए रवाना किया गया। 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को निःशुल्क तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है।
रेलवे स्टेशन पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया तथा सभी यात्रियों को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य राज कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजी. रवि पांडेय और अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभकारी है। इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं को भी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही कोणार्क स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर और भुवनेश्वर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए भोजन, चिकित्सा, ठहरने और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाएं की गई हैं।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
तीर्थ यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके लिए अपने खर्च पर पुरी जाकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करना मुश्किल था। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है।
यह योजना जरूरतमंद लोगों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर देने के साथ ही उनकी आस्था और विश्वास को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है।



