
बिलासपुर में शादी का झांसा देकर महिला से लाखो की ठगी, तीन बच्चों को अपनाने का भी दिया था भरोसा; जांजगीर-चांपा का आरोपी गिरफ्तार
नवा रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीसरे मुकाबले का लिया आनंद, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बिलासपुर। पति की मौत के बाद एक महिला को शादी करने और उसके तीन बच्चों को अपनाने का भरोसा देकर कथित तौर पर 20 से 22 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने मामले में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के धनगांव निवासी मनोज कुमार यादव (30) को दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
शादी का भरोसा देकर बनाया शारीरिक संबंध
पुलिस के अनुसार, पीड़िता धनेश्वरी के पति की सितंबर 2025 में मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पूर्व परिचित मनोज यादव ने उससे दोबारा संपर्क किया। आरोप है कि आरोपी ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
मकान खरीदने के नाम पर लिए 22 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पामगढ़ में मकान खरीदने और अन्य जरूरतों का हवाला देकर महिला से पैसे मांगे। पीड़िता ने अपने बीमा और बैंक खातों से रकम निकालकर आरोपी को दी। यह रकम नकद और PhonePe के माध्यम से ट्रांसफर की गई।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया। बाद में शादी करने से भी इनकार कर दिया। परेशान होकर महिला ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल की मदद से धमधा में पकड़ाया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन दुर्ग जिले के ग्राम धमधा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मनोज कुमार यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला से रकम लेने की बात स्वीकार की। उसने कथित तौर पर बताया कि रकम का इस्तेमाल अपने और परिवार के खर्चों, सोने के जेवर छुड़ाने तथा निजी जरूरतों में किया।
एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक एटीएम कार्ड, ऋण पावती से संबंधित कागजात और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।
सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।



