
जांजगीर में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त 2026। जांजगीर शहर में धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने वाले दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार बटनदार चाकू बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने थाना प्रभारियों की बैठक में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने शारदा चौक और तलवापारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
1. हरीश चौहान (21 वर्ष), पिता रमाशंकर चौहान, निवासी तलवापारा, जांजगीर।
2. पृथ्वीराज सूर्यवंशी (23 वर्ष), पिता दूजराम सूर्यवंशी, वार्ड क्रमांक 10, तलवापारा, जांजगीर।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार बटनदार चाकू बरामद किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को किसी गंभीर घटना को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत भेजे गए जेल
दोनों आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। विधिवत गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, प्रकाश चंद्र राठौर, आरक्षक आलोक शर्मा, विनोद राठौर एवं दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।



