
वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच हेतु 29 अप्रैल को साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर
बिलासपुर, 20 अप्रैल 2026। संभागायुक्त कार्यालय, बिलासपुर द्वारा सक्ति जिले के डभरा तहसील अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर लिमिटेड में हुई औद्योगिक दुर्घटना की जांच के लिए साक्ष्य एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु 29 अप्रैल 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
जारी सूचना के अनुसार, इच्छुक व्यक्ति, संस्था अथवा संबंधित पक्ष उक्त तिथि को बिलासपुर स्थित संभागीय आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपस्थित होकर अपने साक्ष्य एवं तथ्य प्रस्तुत कर सकते हैं।
बताया गया है कि यह दुर्घटना 14 अप्रैल 2026 को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप की वाटर सप्लाई लाइन के जॉइंट में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई थी, जिसमें कुल 34 श्रमिक प्रभावित हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य शासन ने आयुक्त, बिलासपुर संभाग को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच प्रक्रिया के तहत आयोजित इस सुनवाई में कोई भी संबंधित व्यक्ति या संस्था घटना से जुड़े तथ्य, साक्ष्य या दस्तावेज प्रस्तुत कर सकता है।
संभागीय आयुक्त एवं जांच अधिकारी ने सभी संबंधितों से अपील की है कि वे जांच में सहयोग करते हुए उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत करें, ताकि घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जा सके।



