
कृषि विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को मनाया जाएगा अक्ती तिहार

रायपुर, 19 अप्रैल 2026। अक्षय तृतीया के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में 20 अप्रैल को “अक्ती तिहार” का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के पास स्थित प्रक्षेत्र में प्रातः 10:30 बजे से आयोजित होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल करेंगे। इस अवसर पर धरती माता और बीजों की पूजा-अर्चना कर प्रतीकात्मक रूप से बीज बुआई की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों को कृषि आदान सामग्री वितरित की जाएगी। साथ ही नवीन बीज बुआई तकनीक एवं कृषि में ड्रोन के उपयोग का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्र, रायपुर द्वारा “रासायनिक उर्वरकों के विकल्प” विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
अक्ती तिहार का आयोजन विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित सभी महाविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों एवं अनुसंधान केंद्रों में भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अक्ती तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा और कृषि संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो खेती-किसानी के नए कार्यों की शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस दिन किसान प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अच्छी फसल की कामना करते हैं।
गांवों में इस अवसर पर देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की जाती है। ग्राम बैगा द्वारा ठाकुर देव की पूजा कर धान अर्पित किया जाता है। किसान अपने घर से धान लाकर उसका एक भाग कोठी में रखते हैं और शेष खेत में अर्पित कर बुआई की शुरुआत करते हैं।
यह परंपरा कृषि जीवन में नई शुरुआत और प्रकृति से गहरे जुड़ाव का प्रतीक है।



