
डाक विभाग की बड़ी पहल: अब विदेश पार्सल भेजना हुआ आसान
बिलासपुर, 27 मार्च 2026। भारतीय डाक विभाग ने बिलासपुर संभाग के नागरिकों और व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है। अब स्थानीय डाकघरों से ही अंतरराष्ट्रीय पार्सल और दस्तावेज भेजना संभव हो गया है, जिससे लोगों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
इस नई सेवा के तहत संभाग के प्रमुख और उप डाकघरों में अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुकिंग की सुविधा लागू कर दी गई है। खास बात यह है कि अब लोगों को महंगे निजी कूरियर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे किफायती दरों पर आसानी से विदेश पार्सल भेज सकेंगे।
डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पार्सल बुकिंग के समय ग्राहकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिससे पार्सल सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुंच सके। इसके साथ ही हर पार्सल पर ट्रैकिंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे ग्राहक ऑनलाइन अपने पार्सल की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस सेवा की एक खास विशेषता बड़े और भारी पार्सल के लिए निःशुल्क पिकअप सुविधा है। अब ग्राहक घर बैठे ही अपना पार्सल भेज सकेंगे, जिससे उन्हें अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
इस पहल से विशेष रूप से छात्रों, व्यापारियों और विदेश में रहने वाले परिजनों को पार्सल भेजने वाले परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पार्सल भेजने के लिए आवश्यक दस्तावेज:
प्राप्तकर्ता का पूरा पता
वैध पहचान पत्र
निर्धारित शुल्क
बुकिंग के बाद ट्रैकिंग रसीद
यह नई सुविधा डाक सेवाओं को और अधिक सुलभ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही।



