
पीएम स्वनिधि योजना से सुशील प्रजापति के पुश्तैनी कुम्हारी व्यवसाय को मिला नया सहारा
जनदर्शन में कलेक्टर महोबे ने सुनी लोगों की समस्याएं, 81 आवेदन मिले
बिलासपुर, 17 नवंबर 2026। मेहनत और हुनर से मिट्टी को सुंदर आकार देने वाले बिलासपुर जिले के सकरी निवासी सुशील कुमार प्रजापति आज अपने पुश्तैनी कुम्हारी व्यवसाय को आगे बढ़ा रहे हैं। पीढ़ियों से उनके परिवार का जुड़ा यह पारंपरिक काम अब उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिली 15 हजार रुपये की ऋण सहायता ने उनके कारोबार को नई मजबूती दी है।
सुशील कुमार प्रजापति का परिवार लंबे समय से मिट्टी के बर्तन, दीये और अन्य उपयोगी सामान बनाने का काम करता आ रहा है। वे अपने हुनर से मिट्टी को अलग-अलग आकार देकर उत्पाद तैयार करते हैं और उन्हें बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उन्हें 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ऋण के रूप में मिली। इस राशि से उन्हें अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। वे अपने पुश्तैनी हुनर को बचाए रखते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में लगातार मेहनत कर रहे हैं।
पीएम स्वनिधि महोत्सव में लगाया मिट्टी के उत्पादों का स्टॉल
बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सुशील कुमार प्रजापति ने भी अपने मिट्टी से बने उत्पादों का स्टॉल लगाया। उनके स्टॉल में पारंपरिक दीये और मिट्टी से तैयार की गई अन्य उपयोगी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
महोत्सव में विभिन्न स्ट्रीट वेंडर्स ने अपने उत्पादों और व्यवसायों का प्रदर्शन किया। इस आयोजन के माध्यम से छोटे व्यापारियों, कारीगरों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के हुनर एवं मेहनत को प्रोत्साहन मिला।
योजनाओं के सहयोग से आगे बढ़ रहा पारंपरिक कारोबार
सुशील कुमार प्रजापति की कहानी बताती है कि सरकारी योजनाओं से मिलने वाली छोटी आर्थिक सहायता भी मेहनतकश लोगों के कारोबार को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों और पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपने काम को मजबूत कर सकें।
आज सुशील कुमार अपने पुश्तैनी हुनर के दम पर न केवल परिवार की आजीविका चला रहे हैं, बल्कि पारंपरिक कुम्हारी कला को भी जीवित रखे हुए हैं।



