
जनदर्शन में कलेक्टर महोबे ने सुनी लोगों की समस्याएं, 81 आवेदन मिले
रबी फसलों की सिंचाई के लिए 5 जनवरी से मिलेगा नहरों में पानी, 20 अप्रैल 2027 तक जारी रहेगी जलापूर्ति
जांजगीर-चांपा, 17 नवंबर 2026। आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें सुनीं। जनदर्शन में कुल 81 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में लोगों ने अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर कलेक्टर के सामने आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान तहसील सारागांव के ग्राम मुक्ताराजा निवासी मनहरण साहू ने राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की मांग रखी। वहीं ग्राम लखाली निवासी अम्बिका प्रसाद चंद्रा ने पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया।
इसी तरह तहसील जांजगीर के ग्राम सुकली निवासी शिवकुमार सूर्यवंशी ने भूमि मुआवजा राशि दिलाने तथा नगर पंचायत नवागढ़ निवासी छेदीलाल चौहान ने बेजा कब्जा हटाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ लिया जाए। प्रत्येक आवेदन की जांच कर निर्धारित समय-सीमा में उचित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



