
पिसौद धान खरीदी केंद्र पहुंचे कलेक्टर महोबे, किसानों का माला पहनाकर किया स्वागत
जांजगीर-चांपा, 17 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर जन्मेजय महोबे पिसौद धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसान दिलचंद कश्यप, घासीराम साहू, रामेश्वर प्रसाद, श्यामलाल कश्यप और राम कश्यप का कलेक्टर ने माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर धान खरीदी प्रक्रिया और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी का काम पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने केंद्र में बारदाने, इंटरनेट, पेयजल, छाया, बिजली, चबूतरा और पहुंच मार्ग सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
कम धान बेचने पर भी मिलेगा 13,839 रुपये प्रति एकड़ का लाभ
किसानों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन के निर्णय के अनुसार अब निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के हिसाब से 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। यानी कोई किसान एक एकड़ में निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे नियमानुसार प्रति एकड़ आदान सहायता का लाभ दिया जाएगा।
5 जनवरी से मिलेगा रबी फसल के लिए पानी
कलेक्टर ने बताया कि किसानों की मांग के अनुसार रबी फसल की सिंचाई के लिए 5 जनवरी 2027 से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं एग्रीस्टेक पोर्टल में जिन किसानों की फसल धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज हो गई है, उनकी समस्या का दावा-आपत्ति के माध्यम से नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है।
शिकायत के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
धान खरीदी के दौरान किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। किसान और आम नागरिक अपनी सूचना या शिकायत फोन नंबर 07817-222032 पर दर्ज करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, डीएमओ मनोज यादव, सरपंच ध्वजाराम साहू सहित गौरी साहू, द्वारिका साहू, संतराम साहू, राजेन्द्र, राजेश सिंह, अमन सिंह, जय साहू तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



