रायपुर के आसमान में सारंग टीम का शौर्य, पांच हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देख रोमांचित हुए दर्शक

राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की धूम, गढ़ कलेवा के स्टॉल पर चिला-फरा और ठेठरी-खुरमी का स्वाद ले रहे लोग

 

रायपुर, 01 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस रोमांचकारी प्रदर्शन को देखने पहुंचे।

 

कार्यक्रम में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जवानों ने अपने शानदार करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आसमान में हेलीकॉप्टरों की आकर्षक फॉर्मेशन, तिरंगे की छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

 

आसमान से उतरे आकाशगंगा के जांबाज, पैराशूट से दिखाई सटीकता

 

कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए नियंत्रित तरीके से नीचे उतरने का शानदार प्रदर्शन किया।

 

जवानों ने हवा में संतुलन और सटीक नियंत्रण दिखाते हुए निर्धारित स्थान पर सफल लैंडिंग की। उनके साहसिक प्रदर्शन को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।

 

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का कौशल

 

आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर अपनी विशेष प्रशिक्षण क्षमता का परिचय दिया।

 

इसके बाद कमांडोज ने सेंध लेक के सामने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। कठिन परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई और सटीक समन्वय देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।

 

पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने थाम दीं दर्शकों की सांसें

 

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए।

 

हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरना, अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरना और फिर एक साथ निर्धारित फॉर्मेशन में लौटना दर्शकों के लिए बेहद रोमांचकारी रहा।

 

खासकर हेलीकॉप्टरों के बीच क्रॉसओवर करतब ने लोगों की सांसें थाम दीं। पायलटों का सटीक नियंत्रण, अनुशासन और आपसी तालमेल इस प्रदर्शन में साफ नजर आया।

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी सारंग टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रस्तुति अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि वायु सेना के जवानों का साहस और समर्पण विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

 

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

 

प्रदर्शन के दौरान एक खास पल तब आया, जब सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया।

 

आसमान से गूंजे इस संदेश को सुनकर दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। इस दृश्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

 

मुख्यमंत्री ने दी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छूता रहे।

 

उन्होंने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की सैन्य क्षमता, कठिन प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को सामने लाते हैं।

 

दुनिया के कई देशों में अपनी पहचान बना चुकी है सारंग टीम

 

भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपनी अनूठी पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रस्तुति के लिए विश्वभर में पहचान रखती है। जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में टीम अपने हवाई करतबों का प्रदर्शन कर चुकी है।

 

2 नवंबर को सेंध लेक में होगा मुख्य प्रदर्शन

 

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद अब 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की प्रस्तुतियां राज्योत्सव के आकर्षण को और बढ़ाएंगी।

 

इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close