
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, लोककला और रचनात्मकता का दिखा संगम
2 नवंबर को जांजगीर में मनेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, विधायक धरम लाल कौशिक होंगे मुख्य अतिथि
जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने और कला, संस्कृति एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद कमलेश जांगड़े शामिल हुईं।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, आशा साव, प्रियंका पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष मोहन यादव, अमर सुल्तानिया, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, नंदिनी राजवाड़े, इंजी. रवि पांडेय, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह एवं जिला खेल अधिकारी पुष्पलता कोरी दिवाकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
विभिन्न विधाओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
युवा महोत्सव में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी कला, हुनर और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।
इस दौरान अतिथियों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सांसद, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव ने किया।



