
जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी की तैयारी तेज, 134 केंद्रों में होंगी व्यवस्थाएं
भारतीय मानवाधिकार ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सरयू प्रसाद पुरे ने चुनावी खर्चों का ब्योरा मांगा
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को लेकर जांजगीर-चांपा जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के सभी 134 धान खरीदी केंद्रों में जरूरी सुविधाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। जिले में 102 समितियों के अंतर्गत धान खरीदी की जाएगी। इनमें पांच नए खरीदी केंद्र भी शामिल हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बायोमेट्रिक मशीन, पीने का पानी, छायादार बैठने की जगह, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
31 अक्टूबर तक पूरा कराएं किसान पंजीयन
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के बीच प्रचार-प्रसार कर 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने खरीदी केंद्रों से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज करने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।
अवैध धान परिवहन पर रहेगी नजर
जिले में अवैध धान परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कोचियों और बिचौलियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह, खाद्य अधिकारी संदीप पाण्डेय, सीसीबी नोडल अमित साहू, डीएम नान मनोज मिंज, अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, मार्कफेड के लेखाधिकारी संतोष कुमार वर्मा, मंडी सचिव विवेक जायसवाल, अमर राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



