
अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ छत्तीसगढ़ में बड़ा अभियान, 24 घंटे होगी सघन जांच
रायपुर, 9 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों और गंभीर घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी शराब को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। आबकारी विभाग ने पूरे प्रदेश में अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है।
आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा ने सभी जिला अधिकारियों और उड़नदस्ता टीमों को अवैध शराब के निर्माण, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर 24 घंटे निगरानी
अभियान के तहत प्रदेश के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट और अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी चेकपोस्ट पर वाहनों और संदिग्ध सामान की लगातार जांच की जा रही है।
इसका मुख्य उद्देश्य दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में आने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकना है।
हर जिले में विशेष जांच टीम
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के लिए प्रत्येक जिले में उड़नदस्ते के साथ विशेष जांच दल भी बनाए गए हैं। ये टीमें अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर लगातार निगरानी रखेंगी।
शराब दुकानों और ढाबों की भी होगी जांच
आबकारी विभाग द्वारा देशी और विदेशी शराब दुकानों की भी औचक जांच की जा रही है। जांच के दौरान नॉन-ड्यूटी पेड (NDP), लीकेज और मिलावटी शराब की जांच की जाएगी।
इसके अलावा होटल, ढाबों और अवैध अहातों पर भी दबिश देकर शराब की जब्ती और कानूनी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
कच्ची शराब बनाने वालों पर शिकंजा
वन क्षेत्रों, नदी-नालों और अन्य संदिग्ध इलाकों में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ विशेष सर्च अभियान चलाया जाएगा।
अवैध स्पिरिट के कारोबार से जुड़े लोगों और शराब की सप्लाई कहां से हो रही है, इसका पता लगाकर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने आम लोगों से भी अवैध शराब की जानकारी देने की अपील की है। विभाग के टोल-फ्री नंबर 14405, ‘मनपसंद ऐप’, समाचार पत्रों या नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजाना होगी अभियान की मॉनिटरिंग
प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई की रोजाना निगरानी के लिए राज्य स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नोडल अधिकारी सभी जिलों और संभागों से कार्रवाई की जानकारी लेकर हर दिन दोपहर 12 बजे तक आबकारी आयुक्त को पूरी रिपोर्ट देंगे।
लापरवाही पर अधिकारियों पर भी कार्रवाई
आबकारी आयुक्त ने साफ कहा है कि अभियान के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से लापरवाही या कर्तव्य में शिथिलता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी तुरंत विभाग को दें। साथ ही शराब का सेवन करने वाले लोग केवल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित अधिकृत शराब दुकानों से ही मदिरा खरीदें।



