सौर ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ बनेगा देश का अग्रणी राज्य: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 

रायपुर, 23 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है और छत्तीसगढ़ इस क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक करीब 95 हजार घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।

 

मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

 

ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पहले से मजबूत स्थिति में है। प्रदेश में वर्तमान में करीब 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनसे भविष्य में लगभग 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना है।

 

4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ और हरित ऊर्जा के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दे रहे हैं। सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता भी कम होगी।

 

उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक भारत को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन वाला देश बनाने के राष्ट्रीय संकल्प में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश में आने वाले समय में 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

 

5 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से सामान्य परिवारों को ऊर्जा उपभोक्ता के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादक बनने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ में योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और अब तक करीब 95 हजार घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।

 

उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र सरकार की ओर से 30 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 15 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। वहीं 3 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर लगभग 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी उपलब्ध है। डीएमएफ वाले क्षेत्रों में अनुदान की अंतर राशि डीएमएफ से उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।

 

सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर हो रही नारी शक्ति

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा का विस्तार केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं। प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं सोलर वेंडर के रूप में आगे आ रही हैं और हितग्राहियों के घरों में सोलर संयंत्र स्थापित कर रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2 लाख 82 हजार स्व-सहायता समूहों से 30 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं और 13 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सौर ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों से महिलाओं को जोड़कर रोजगार, स्वरोजगार और आयवृद्धि के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

 

कृषि और सिंचाई में भी सौर ऊर्जा का विस्तार

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सूर्य ऊर्जा का असीम स्रोत है। घरों, कृषि और अन्य क्षेत्रों में सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग कर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम की जा सकती है।

 

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में सिंचाई के क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ रहा है और करीब ढाई लाख सिंचाई पंप सौर ऊर्जा से ऊर्जीकृत किए जा चुके हैं। आने वाले समय में कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग का और विस्तार किया जाना चाहिए।

 

विधायक पुरंदर मिश्रा ने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और अन्य लोगों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि ‘संवाद’ कार्यक्रम सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों, वेंडर्स, वित्तीय संस्थाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को एक मंच पर लाने में सफल रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर विकसित होंगे।

 

सोलर उद्योगों के स्टॉलों का किया अवलोकन

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम परिसर में सोलर उद्योगों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने सोलर पैनल, उपकरणों, नवीन तकनीकों और हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

 

मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली संस्थाओं, बैंकों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन की डायरेक्टरी का विमोचन भी किया गया, जिसमें प्रदेशभर के एसोसिएशन पदाधिकारियों और वेंडर्स के संपर्क विवरण तथा शासन की ऊर्जा संबंधी योजनाओं की जानकारी संकलित है।

 

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर, छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगपति एवं वेंडर्स, बैंक अधिकारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close