
नई सरकार के गठन के बाद 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण
रायपुर, 23 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण का काम लगातार जारी है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के मकान पूर्ण किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
पहली कैबिनेट में 18 लाख से अधिक आवासों का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और उनके निर्माण का संकल्प लिया गया था। इसी के अनुरूप आवास निर्माण को प्राथमिकता देते हुए स्वीकृत आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से अधिक आवास पूर्ण
विजय शर्मा ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में प्रदेश में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए। उनके अनुसार यह उपलब्धि देश में सर्वाधिक है। पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास का लाभ मिले, इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
2011 और 2018 की पात्रता सूची के सभी पात्र आवास स्वीकृत
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में पात्र पाए गए सभी आवासों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आवास स्वीकृत करना नहीं, बल्कि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द पक्के मकान का लाभ दिलाना है। निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है।
पुराने लंबित आवास भी कराए गए पूर्ण
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए 11 लाख से अधिक आवासों में पिछले वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवास भी शामिल हैं। विभिन्न कारणों से लंबित पुराने आवासों के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर उन्हें भी पूर्ण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि पुराने लंबित आवासों को प्राथमिकता देकर हितग्राहियों को पक्के मकान का लाभ दिलाया गया है। पिछले ढाई वर्षों में पुराने और नए वित्तीय वर्षों के आवासों को मिलाकर 11 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री आवास योजना और विशेष योजनाओं के आवास भी शामिल
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूर्ण किए गए आवासों में विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत आवास भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 48 हजार आवासों में से करीब 20 हजार आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत लगभग 23 हजार आवास तथा विशेष परियोजनाओं के तहत स्वीकृत आवास भी इस उपलब्धि में शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद और वंचित परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक गरीब परिवार को पक्की छत उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ सरकार इसी संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का पूर्ण होना सरकार के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। पुराने लंबित आवासों को पूरा करने के साथ नए स्वीकृत आवासों का निर्माण भी जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में करीब 4 लाख आवास निर्माणाधीन हैं और इन्हें भी जल्द पूरा करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास के लाभ से वंचित न रहे।



