
बाल विवाह, पोक्सो एक्ट, सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श और बाल श्रम के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में शासकीय हाई स्कूल पीथमपुर में चाईल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पोक्सो अधिनियम, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, बाल विवाह की रोकथाम तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों के संरक्षण और स्थायी पुनर्वास के संबंध में जागरूक किया गया।
बाल श्रम और नशे से बचाव की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहकों, भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों तथा नशे जैसी गतिविधियों में शामिल बच्चों की पहचान और उनके संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी बच्चे के शोषण, असुरक्षित स्थिति या बाल अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देकर बच्चे की मदद की जा सकती है।
सूचना मिलने पर तत्काल करें संपर्क
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों से बाल विवाह, पोक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों तथा सड़क जैसी परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों, बाल श्रमिकों, अपशिष्ट संग्राहकों, भिक्षावृत्ति अथवा नशे में संलिप्त बच्चों की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई।
इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, चाईल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा मोबाइल नंबर 9827771819 एवं 8963997174 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में चाईल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम के साथ विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



