
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर अधिक से अधिक पात्र छात्राओं के आवेदन कराने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त 2026। अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले की अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को लाभ दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
कलेक्टर ने प्राचार्यों को अपने-अपने संस्थानों में छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र छात्राओं के अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में यह छात्रवृत्ति महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। इसलिए महाविद्यालय स्तर पर छात्राओं को योजना और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई शासकीय विद्यालय से पूर्ण करने वाली तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी प्राथमिकता से पहुंचाई जाए।
पूरे स्नातक पाठ्यक्रम तक हर साल ₹30 हजार
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनके पूरे स्नातक पाठ्यक्रम की अवधि तक प्रतिवर्ष ₹30,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस, किताबें, परिवहन और शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।
31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और ऑनलाइन है। प्रथम चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद द्वितीय चरण में 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे।
इच्छुक पात्र छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन करते समय निम्न दस्तावेजों की स्पष्ट स्कैन कॉपी तैयार रखना आवश्यक है:
– पिछले छह माह के भीतर की पासपोर्ट साइज फोटो
– आधार कार्ड
– बैंक खाते का विवरण
– कक्षा 10वीं की मूल अंकसूची
– कक्षा 12वीं की मूल अंकसूची
– कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण-पत्र
– बोनाफाइड प्रमाणपत्र अथवा ट्यूशन फीस रसीद
दस्तावेज निर्धारित PDF, JPG या PNG प्रारूप में अपलोड किए जा सकते हैं।
सहायता के लिए हेल्पलाइन
छात्रवृत्ति से संबंधित किसी भी जानकारी या आवेदन में सहायता के लिए स्कॉलरशिप वाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 9019960536 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने महाविद्यालयों के प्राचार्यों से अपील की कि पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाकर उनके आवेदन में आवश्यक सहयोग करें, ताकि आर्थिक कारणों से कोई पात्र छात्रा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।



