
पुराने विवाद की रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार
जांजगीर चाम्पा //शिवरिनारायण थाना क्षेत्र में पुराने विवाद की रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहने कपड़े भी बरामद कर जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 245/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है पुलिस के अनुसार, तुस्मा निवासी हरप्रसाद साहू ने थाना शिवरीनारायण में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान गांव का विनोद साहू उसके घर पहुंचा और बताया कि हरीचरण साहू पर उसके भतीजे चिंतामणी साहू ने हत्या की नीयत से चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलने पर हरप्रसाद, विनोद के साथ कमल किशोर साहू के घर पहुंचा। वहां हरीचरण साहू खाट पर गंभीर हालत में पड़ा था और उसके पेट व छाती के पास से खून निकल रहा था। वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।
परिजन तत्काल निजी स्कॉर्पियो वाहन से हरीचरण को मां शबरी अस्पताल, शिवरीनारायण लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैडन यार्क और उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपी चिंतामणी साहू पिता कमल किशोर साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी तुस्मा वार्ड क्रमांक 13 को हिरासत में लेकर पूछताछ की पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुराने वाद-विवाद की रंजिश के चलते हरीचरण पर हमला करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहने कपड़े बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 12 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनका रहा योगदान: थाना प्रभारी उप निरीक्षक केपी सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रितेश परमार, कविता टंडन, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, कपिल साहू, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन, किशोर दीवान, आरक्षक विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



