
अदरक की खेती से किसान की किस्मत बदली, दोगुना मुनाफा कमाया
रायपुर, 7 अप्रैल 2026। सरकार की “एक जिला एक उत्पाद” योजना अब जमीन पर असर दिखा रही है। बालोद जिले के ग्राम बघमरा के युवा किसान आकाश चंद्राकर ने अदरक की खेती करके अपनी आमदनी को दोगुना कर लिया है।
पहले पारंपरिक खेती करने वाले आकाश ने इस योजना से प्रेरित होकर करीब ढाई एकड़ जमीन में अदरक की खेती शुरू की। उन्होंने नई तकनीक और सही तरीके से खेती की, जिससे अच्छी पैदावार मिली। साथ ही बाजार में अदरक की अच्छी कीमत मिलने से उन्हें बढ़िया मुनाफा हुआ।
सरकार की ओर से भी उन्हें मदद मिली। उद्यानिकी विभाग ने मसाला क्षेत्र विस्तार योजना के तहत करीब 49 हजार रुपए का अनुदान दिया। इस पैसे से उन्होंने बेहतर बीज, खाद और आधुनिक तरीके अपनाए, जिससे उत्पादन और भी अच्छा हुआ।
आकाश का कहना है कि अदरक की खेती उनके लिए कमाई का नया रास्ता बन गई है। सही जानकारी और सरकारी योजना का फायदा मिले तो खेती भी फायदे का काम बन सकती है।
अब जिले के दूसरे किसान भी अदरक की खेती की ओर बढ़ रहे हैं, क्योंकि इसमें पारंपरिक फसलों से ज्यादा फायदा मिल रहा है। प्रशासन और उद्यानिकी विभाग भी किसानों को लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं।
आकाश चंद्राकर ने इस सफलता के लिए सरकार की योजनाओं को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।



