
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 31 मार्च 2026/ जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज जिला चिकित्सालय जांजगीर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, इकाइयों और चिकित्सा सेवाओं का गहन अवलोकन करते हुए मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने आपातकालीन वार्ड पहुंचकर भर्ती मरीजों के उपचार, डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपलब्धता तथा बेड की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए तथा बेड की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट एवं अन्य वार्डों का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
कलेक्टर ने ऑपरेशन थिएटर और एनआईसीयू का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मशीनों, उपकरणों और संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।

मरीजों के परिजनों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने बैठने की व्यवस्था, पेयजल और स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।
डायलिसिस यूनिट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मशीनों की स्थिति, मरीजों की संख्या और पानी की उपलब्धता की समीक्षा की तथा आवश्यक संसाधनों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शिशु वार्ड का निरीक्षण कर नवजात एवं बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं का अवलोकन किया और गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मानव संसाधन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता तथा रिक्त पदों की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यकतानुसार प्रस्ताव भेजकर जल्द से जल्द पदों की पूर्ति करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाया जाए।
इसके बाद कलेक्टर ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं प्रस्तावित अस्थायी भवन का निरीक्षण कर प्रगति और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पालन सुनिश्चित करने और परियोजना को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. एस.एस. कुजूर, एसडीएम श्री सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



