
व्याख्याता भर्ती प्रक्रिया की जांच कर योग्य आवेदकों का चयन करने की मांग।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ विद्यालय चयन में चहेतों को लाभ पहुंचाने का मामला सामने आया।
बलौदाबाजार 04 सितंबर 2021। ग्राम सोहागपुर, थाना सरसीवां,तहसील बिलाईगढ़,जिला बलौदाबाजार निवासी बिंदेश्वरी अनंत ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ विद्यालय में अभी हाल ही में व्याख्याता गणित विषय पर हुए भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जांचकर योग्य उम्मीदवार का चयन करने की मांग कि है।इन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल,स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम,बलौदाबाजार जिला प्रभारी मंत्री उमेश पटेल,शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव व बलौदाबाजार जिला कलेक्टर सुनील जैन से निष्पक्ष जांच कराने व इस ओर ठोस पहल करने आवेदन प्रेषित किया है।
अपने प्रेषित आवेदन पत्र में शिकायत कर्ता बिंदेश्वरी अनंत ने कहा है कि विगत दिनांक 20 जुलाई 2021 को दस्तावेज सत्यापन किया जाकर वर्गवार सूची दिनांक 29 जुलाई 2021 को प्रकाशन किया गया जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग में बिंदेश्वरी अनंत का नाम 74.35% के साथ प्रथम स्थान पर था, दिनांक 4 अगस्त 2021 को आयोजित साक्षात्कार समिति द्वारा 5 प्रश्न पूछे गए जिसमें सभी सवालों का सही सही उत्तर दिया गया तथा ब्लैक बोर्ड में शिक्षण कला प्रदर्शन कर टॉपिक अनुसार गणितीय विधि से सही हल किया गया।दिनांक 16 अगस्त 2021 को कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी बलौदा बाजार भाटापारा द्वारा प्रवीण्य सूची में उन्हें साक्षात्कार औसत 5 अंक एवं शिक्षण कला में 4.2 अंक दिया गया जबकि उनसे कम प्रतिशत 65.30% वाले उम्मीदवार को साक्षात्कार में 12.8 अंक,शिक्षण कला में 12.6 अंक देकर प्रथम स्थान पर जानबूझकर रखा गया।इन्होंने शासन प्रशासन से भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराकर योग्य उम्मीदवारो का चयन करने की मांग कि है।




