बिलासपुर 03 फरवरी 2021। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के युवाओं को निर्माण कार्यों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकीकृत पंजीयन प्रणाली के अंतर्गत ई-श्रेणी में निःशुल्क पंजीयन की सुविधा दी गई है। जिसके लिए लोक निर्माण विभाग के समस्त संभागीय कार्यालयों को सुविधा केन्द्र बनाया गया है। इसके तहत प्रदेश के युवाओं को निर्माण कार्याें में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया जायेगा। इसमें 20 लाख रूपये तक के कार्य ब्लाॅक स्तर पर दिए जाने का प्रावधान है। इस योजना से बेरोजगार युवाओं के लिए अपने विकासखण्ड के विकास कार्याें में सहभागिता का अवसर मिलेगा। गैर अनुसूचित क्षेत्रों में स्नातक धारी एवं अनुसूचित क्षेत्रों के लिए हायर सेकेण्डरी उत्तीर्ण बेरोजगार होना अनिवार्य है।
ई श्रेणी पंजीयन हेतु लोक निर्माण विभाग के समस्त संभागीय कार्यालय को सुविधा केन्द्र मनोनीत किया गया है। ई-श्रेणी पंजीयन हेतु आवेदकों से प्राप्त आवेदन पत्र को आॅनलाईन अपलोड करने हेतु शून्य राशि का मनी रसीद काटकर प्राथमिक पंजीयन आईडी जनरेट करेंगे। ई श्रेणी पंजीयन हेतु आवेदन पत्र एवं घोषणा पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाईट में अपलोड है, जिसे डाउनलोड कर निःशुल्क आवेदकों को प्रदाय किया जाएगा।