
सल्फीपदर झरने का नरवा कार्यक्रम के तहत किया जाएगा विकास
जगदलपुर 18 फरवरी 2022 l मुतनपाल-दो ग्राम पंचायत में स्थित सल्फीपदर झरने का विकास नरवा कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्टर श्री रजत बंसल ने प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर इस झरने का अवलोकन किया, जहां पहाड़ से पानी का उद्गम हो रहा है। उनके साथ इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रोहित व्यास भी उपस्थित थे।
बातचीत के दौरान यहां के ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ से यहां बारह महीने पानी निकल रहा है तथा क्षेत्र के ग्रामीण यहां आस्था के साथ पहुंचते हैं। ग्रामीणों द्वारा पानी के इस सोते के नीचे कुंड बनाने की आवश्यकता बताई गई जहां वे स्नान कर सकें। कलेक्टर ने इस स्थान को प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर बताते हुए कहा कि यहां पर्यटन की भरपूर संभावनाएं हैं तथा ग्रामीणों के मंशा अनुरुप यहां कुण्ड निर्माण के साथ ही सिंचाई की संभावनाओं को देखते हुए कार्य किया जाएगा।



