
सूरजपुर में सड़क सुरक्षा के लिए दौड़े 800 लोग, मंत्रियों ने भी निकाली बाइक रैली
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर अब गंभीरता से होगी कार्रवाई, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
सूरजपुर 13 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सूरजपुर में मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें करीब 800 लोगों ने हिस्सा लिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राजमोहनी माता चौक से मैराथन को हरी झंडी दिखाई। दोनों मंत्री बाइक रैली में भी शामिल हुए और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
जिला प्रशासन सूरजपुर और अपना हेल्प क्यूआर के संयुक्त आयोजन में बच्चों, युवाओं और अन्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैराथन का समापन साधुराम सेवा कुंज में हुआ। इस दौरान विजेताओं को सम्मानित किया गया और ‘रोड सेफ्टी अपना हेल्प क्यूआर’ के लोगो का शुभारंभ भी किया गया।
हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़क दुर्घटना का असर सिर्फ घायल व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, गाड़ी की गति नियंत्रित रखें और सड़क पर सावधानी बरतें।

उन्होंने लोगों से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने की भी अपील की। मंत्री ने बताया कि पीएम राहवीर योजना के तहत दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले पात्र व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। उन्होंने घायलों के लिए उपलब्ध कैशलेस उपचार की सुविधा की जानकारी भी दी।
एक क्यूआर कोड स्कैन करने पर मिलेगी मदद
सूरजपुर जिले में ‘अपना हेल्प क्यूआर’ को पायलट परियोजना के रूप में शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य दुर्घटना या आपात स्थिति में लोगों को जल्दी सहायता उपलब्ध कराना है।
इस क्यूआर कोड को स्कैन करके नागरिक कई सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं:
एम्बुलेंस से संपर्क घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांग सकते हैं।
पुलिस को सूचना जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
परिजनों को जानकारी दुर्घटना या आपात स्थिति में परिवार के लोगों को सूचना भेज सकते हैं।
गलत पार्किंग की सूचना गलत तरीके से खड़े वाहन के मालिक को अलर्ट भेजने की सुविधा मिलेगी।
इस पहल में लोगों की व्यक्तिगत जानकारी और पहचान की गोपनीयता का ध्यान रखने की बात कही गई है। जिले के दुर्घटना संभावित ब्लाइंड स्पॉट पर भी क्यूआर कोड लगाए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सहायता मिल सके।
समय पर मदद से बच सकती है जान
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है। सही समय पर मदद मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने ‘अपना हेल्प क्यूआर’ को जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाने की उपयोगी पहल बताया और लोगों से दुर्घटना में घायलों की मदद करने की अपील की।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी लिया संकल्प
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, जनपद अध्यक्ष सूरजपुर स्वाति सिंह, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।
मैराथन के दौरान सभी ने सड़क सुरक्षा की शपथ ली। लोगों ने हेलमेट पहनने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना में घायलों की मदद करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि सड़क पर सावधानी बरतना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आना चाहिए।



