
अंबिकापुर में सड़कों की मरम्मत तेज, ₹3 करोड़ से 150 किलोमीटर मार्गों का होगा सुधार
सरगुजा ओलंपिक से चमकेंगी ग्रामीण खेल प्रतिभाएं, लखनपुर में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
रायपुर, 10 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सड़कों की बदहाल स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मरम्मत का काम तेज कर दिया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की कार्रवाई शुरू की गई है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹3 करोड़ की स्वीकृत राशि से अंबिकापुर संभाग के विभिन्न मार्गों के करीब 150 किलोमीटर हिस्सों का संधारण किया जाएगा। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
महामाया चौक से लरंग साय चौक तक मरम्मत शुरू
अंबिकापुर में महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की बीटी पैच मरम्मत शुरू कर दी गई है। विभाग का जोर सड़क के गड्ढों को भरने और खराब हिस्सों को दुरुस्त करने पर है, ताकि वाहन चालकों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
अरुण साव के निर्देश के बाद एक्शन में PWD
सरगुजा प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति को जल्द सुधारने और गड्ढों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए सड़क संधारण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा था। इसके बाद विभाग ने स्वीकृत कार्यों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिसंबर तक पूरा होगा मरम्मत कार्य
लोक निर्माण विभाग के अंबिकापुर संभाग में स्वीकृत राशि से विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों का सुधार किया जाएगा। विभाग के अनुसार, सभी निर्धारित कार्य दिसंबर तक पूरे करने का लक्ष्य है।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद लोगों को गड्ढों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलने और सड़क पर आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होने की उम्मीद है।



