
कलेक्टोरेट के नए प्रथम तल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होंगे सभी विभाग
रोजगार मेले में पहले दिन 5,018 युवाओं ने कराया पंजीयन
जांजगीर-चांपा, 8 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को कलेक्टोरेट कार्यालय के नवनिर्मित प्रथम तल का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, सेवा सेतु कक्ष, मीटिंग हॉल सहित आदिवासी विकास विभाग, चिप्स और खेल विभाग के कार्यालयों का जायजा लिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कार्यालयों की व्यवस्था और बाकी बचे कामों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रथम तल पर जिन विभागों की शिफ्टिंग अभी बाकी है, उनका काम जल्द पूरा किया जाए और संबंधित विभाग जल्द से जल्द नए कार्यालय में शिफ्ट होकर काम शुरू करें।
कलेक्टर ने कहा कि एक ही परिसर में कई विभागों के कार्यालय होने से आम लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टोरेट में चला सफाई अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टोरेट परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और अधिकारियों ने खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया और परिसर की साफ-सफाई की।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि कार्यालय परिसर को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखा जाए तथा स्वच्छता को रोजमर्रा की कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाए।
इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



