
गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले, महानदी किनारे प्रशासन अलर्ट
खरौद में श्रमदान कर तालाब की सफाई, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश
जांजगीर-चांपा, 26 सितंबर 2026। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोल दिए गए हैं। जिले में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने महानदी के किनारे के इलाकों का दौरा कर पानी के स्तर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कलेक्टर और एसपी अधिकारियों से लगातार हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
शिवरीनारायण में संवेदनशील जगहों का निरीक्षण
कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण क्षेत्र में महानदी के शिवरीनारायण बैराज, घाट, पुल, सांस्कृतिक भवन और बसंतपुर बैराज सहित कई संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।
घाट और पुलों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। यहां पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अधिकारियों को नदी के पानी के स्तर और बहाव पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर पुलों पर रोका जाएगा आवागमन
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि अगर किसी पुल या पुलिया पर पानी का बहाव ज्यादा बढ़ जाता है और वहां से गुजरना खतरनाक होता है, तो तत्काल आवागमन रोक दिया जाए। ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।

बचाव के लिए दो टीमें तैयार
बाढ़ या किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की दो टीमें तैयार रखी गई हैं। एक टीम को मोटर बोट और जरूरी बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है। दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है।
इसके अलावा एसडीआरएफ बिलासपुर से भी लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
गांवों में मुनादी कराने के निर्देश
महानदी के किनारे और पहले जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को संभावित जलभराव की जानकारी देने के लिए मुनादी कराने को कहा गया है।

अगर किसी इलाके में पानी बढ़ता है तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी किनारे जाने से बचें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, घाट, पुल और तेज बहाव वाले पानी के पास अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव के बीच सेल्फी या वीडियो बनाने की कोशिश बिल्कुल न करें।
किसी भी तरह की आपात स्थिति होने पर तत्काल प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है।
फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बताई गई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर महानदी के तटीय इलाकों, पुल-पुलियों और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम भावना साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



