
जो खेलेगा, वही खिलेगा: खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने सरकार प्रतिबद्ध
बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें पहचानने और सही मौका देने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में कही।

श्री साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल के मैदान में मेहनत और संघर्ष करने वाले खिलाड़ी ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा।”
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के जरिए भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन किए गए हैं। राज्य को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का मौका भी मिला है।

सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बंद हो चुके खेल अलंकरण को दोबारा शुरू किया है। हाल ही में 29 अगस्त को खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के रूप में 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि भी दी गई है।
श्री साव ने कहा कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए इस साल के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे खेल सुविधाओं, खेल अधोसंरचना और स्पोर्ट्स साइंस को मजबूत किया जाएगा।

3800 अंक लेकर बिलासपुर संभाग बना चैंपियन
चार दिनों तक चली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से ज्यादा अधिकारियों व अन्य ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बिलासपुर संभाग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3800 अंक हासिल किए और ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में हुआ। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी: अमर अग्रवाल
बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि बच्चों के लिए पढ़ाई जितनी जरूरी है, उतना ही खेल भी जरूरी है। खेल से शरीर और दिमाग दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है।
खेलों से भविष्य बेहतर बनता है: धरमलाल कौशिक
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल के मैदान में होने वाली प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने में मदद करती है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत करते हुए अपने परिवार, छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
समापन समारोह में मस्तुरी विधायक दिलीप लहरिया, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।



