
पीएमएफएमई योजना में राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर कलेक्टर ने संतोष शुक्ला को दी बधाई
जांजगीर-चांपा, 31 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) को जिले में बेहतर तरीके से लागू करने और लोगों को योजना का लाभ दिलाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुए डिस्ट्रिक्ट रिसोर्स पर्सन (डीआरपी) संतोष कुमार शुक्ला को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर महोबे ने संतोष शुक्ला के काम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने योजना से जुड़े लोगों को लगातार मार्गदर्शन दिया और उन्हें सरकारी योजना का लाभ लेने में मदद की। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान जांजगीर-चांपा जिले के लिए भी गौरव की बात है।
कलेक्टर ने उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए काम करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अंत्यावसायी, खादी एवं ग्रामोद्योग, मुद्रा लोन सहित विभिन्न स्वरोजगार और ऋण योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वरोजगार योजनाओं के जरिए लोग अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके लिए लोगों को योजना की जानकारी देने के साथ आवेदन करने, जरूरी दस्तावेज तैयार करने, बैंक से ऋण लेने और अन्य प्रक्रियाओं में भी मदद की जाए।
नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
संतोष कुमार शुक्ला को 24 और 25 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित पीएमएफएमई कॉन्क्लेव 2026 में सम्मानित किया गया था।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने उन्हें प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया। छत्तीसगढ़ में पीएमएफएमई योजना के तहत सबसे ज्यादा हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने और उन्हें जरूरी मार्गदर्शन देने के लिए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान मिला है।



