
मड़मड़ा और कबरटोला को मिली विकास कार्यों की सौगात, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन
मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण, 47.15 लाख के गौरव पथ का भूमिपूजन
रायपुर, 18 अक्टूबर 2026 कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम मड़मड़ा और कबरटोला में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शनिवार को दोनों गांवों का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांगों पर सड़क, सामुदायिक भवन, मंच और नाली निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की।
मड़मड़ा में आंगनबाड़ी और डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण
ग्राम मड़मड़ा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-01 और 5 लाख रुपये की लागत से बने अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया। आंगनबाड़ी केंद्र शुरू होने से बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और अन्य जरूरी सेवाएं मिल सकेंगी।

अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके जरिए महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की राशि निकालने तथा पैसे जमा करने जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी।
47.15 लाख रुपये के गौरव पथ का भूमिपूजन
उप मुख्यमंत्री ने मड़मड़ा में 47.15 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 500 मीटर लंबे गौरव पथ का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर मड़मड़ा से बैजलपुर मुख्य मार्ग का मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कराने की घोषणा की।
उन्होंने बाजार छपरी में 15 लाख रुपये, पटवारी भवन के पास 10 लाख रुपये और पुरानी सोसायटी के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की।
कबरटोला में नवधा रामायण में हुए शामिल
ग्राम कबरटोला पहुंचकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने देवी दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित नवधा रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए और रामायण पाठ का श्रवण किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ रामधुन में भाग लेकर भक्तिमय वातावरण में समय बिताया।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
कबरटोला में 20.20 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा
कबरटोला में उप मुख्यमंत्री ने कुल 20.20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराने की घोषणा की। इनमें पंचायत भवन के पास 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन, 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण, नवधा रामायण मंच के पास 3.50 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और शीतला मंदिर की ओर 5 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण शामिल है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।



