
देवी पंडाल में बैठकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, लाखों के विकास कार्यों की घोषणा
सरगुजा के 35 सरकारी स्कूलों में NEET-JEE की मुफ्त कोचिंग शुरू, 2,120 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कवर्धा, 17 अक्टूबर 2026। नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
ग्राम मढ़मढ़ा में उप मुख्यमंत्री का जनसंपर्क कार्यक्रम खास रहा। यहां वे मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से सीधे रूबरू हुए। ग्रामीणों ने गांव की जरूरतों और विकास कार्यों से जुड़ी मांगें रखीं, जिन पर उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की घोषणा की।

मढ़मढ़ा में सड़क से लेकर सामुदायिक भवन तक की घोषणाएं
ग्राम मढ़मढ़ा में ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दैहान के पास 3 लाख रुपये की लागत से मंच निर्माण और यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष बनाने के लिए 6.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा मुक्तिधाम में शेड निर्माण, पटेल समाज भवन में किचन शेड, वार्ड क्रमांक 9 में 6.50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की गई।

गांव की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपये के श्रममूलक कार्य और 15 लाख रुपये के मुरमीकरण कार्य कराने की भी घोषणा की गई। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
नेवरीगुड़ा के दुर्गा पंडाल में दिखीं धार्मिक झांकियां
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। यहां स्थापित दुर्गा पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं।
उन्होंने धार्मिक झांकियों का अवलोकन कर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात की। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से दो सीसी सड़कों का निर्माण कराने तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल बनाने की भी घोषणा की गई।
मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना
ग्रामीण प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले ग्राम मैनपुरी में भी उन्होंने दुर्गा पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक आयोजनों के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद
उप मुख्यमंत्री के इस दौरे में देवी दर्शन और धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने पर भी जोर रहा। विभिन्न गांवों में लोगों से सीधे संवाद कर उन्होंने स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
नवरात्रि के दौरान गांवों में जनसंपर्क और विकास कार्यों की घोषणाओं से ग्रामीणों को स्थानीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।



