
बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण, गोंडवाना भवन के लिए 10 लाख और विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ की घोषणा
बेमेतरा, 31 अगस्त 2026। बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने प्रतिमा का अनावरण कर शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने गोंडवाना भवन के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए और बेमेतरा में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू भी मौजूद रहे।
गरीबों और जरूरतमंदों के लिए लड़े वीर नारायण सिंह
आदिवासी महासम्मेलन को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की धरती के महान सपूत थे। उन्होंने गरीबों और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि वीर नारायण सिंह का पूरा जीवन सेवा, संघर्ष और देशभक्ति की मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचार के सामने कभी हार नहीं मानी और गरीब तथा शोषित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। देश के लिए उन्होंने अपना जीवन तक न्यौछावर कर दिया।

युवाओं को प्रेरणा देगी प्रतिमा
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती वीर योद्धाओं और जननायकों की भूमि रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर जैसे महान योद्धाओं ने अपने साहस और बलिदान से समाज और मातृभूमि के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की।

उन्होंने कहा कि बेमेतरा में स्थापित वीर नारायण सिंह की प्रतिमा उनके त्याग और बलिदान की याद को हमेशा जीवित रखेगी। यह प्रतिमा युवाओं को देश और समाज की सेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
उन्होंने कहा कि देश और समाज के लिए अपना सब कुछ कुर्बान करने वाले महापुरुषों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय गोंड़ महासभा धमधागढ़ के अध्यक्ष कमलेश सोरी, सर्व आदिवासी समाज जिला अध्यक्ष मुरीत मंडावी, गोंड समाज जिला अध्यक्ष दरबार सिंह नेताम, बेमेतरा नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल और अजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गोंड समाज के पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।



