‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ, चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण

 

रायपुर, 27 अगस्त 2026। जशपुर के स्कूली बच्चों के लिए अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से जानने का नया अवसर मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन जशपुर और IDYM Foundation की संयुक्त पहल के तहत कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और आधुनिक संसाधनों से जोड़ने की। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ के माध्यम से बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान को सिर्फ किताबों में पढ़ने के बजाय उसे करीब से समझने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा।

 

10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग

 

कार्यक्रम में जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों के लगभग 10 हजार विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की विभिन्न चरणों में परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार के माध्यम से स्क्रीनिंग होगी। अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि और प्रतिभा रखने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

 

चयनित बच्चों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

 

चयनित विद्यार्थियों के लिए 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक रायपुर में विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

 

इसके बाद 15 अक्टूबर से बेंगलुरु यात्रा का प्रस्तावित कार्यक्रम है। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष से जुड़े संस्थानों और गतिविधियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से मिलने और संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।

 

15 सितंबर तक होगा पंजीयन

 

‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम की घोषणा 27 अगस्त को की गई है। विद्यार्थियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

 

इसके बाद 26 सितंबर को परीक्षा होगी। 27 से 29 सितंबर के बीच मूल्यांकन एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर 2026 को पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

 

विज्ञान और अंतरिक्ष में करियर के लिए मिलेगा प्रोत्साहन

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को भी विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और वैज्ञानिक सोच विकसित करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि ‘अंतरिक्ष संगवारी’ जैसी पहल बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में अनुसंधान, विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

 

यह पहल भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला के समर्थन से संचालित की जा रही है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close