
जांजगीर-चांपा के स्कूलों में बनेंगे 79 बालिका शौचालय, बेटियों की सुविधा को प्राथमिकता
जांजगीर-चांपा, 24 अगस्त 2026। जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए 79 बालिका शौचालयों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ के तहत बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में स्वीकृत प्रत्येक शौचालय की लागत 4.30 लाख रुपए निर्धारित की गई है। निर्माण पूरा होने के बाद विद्यालयों में छात्राओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की सुविधा मिल सकेगी।
वीबी-जी राम जी योजना के तहत होगा निर्माण
इन कार्यों को विकसित भारत रोजगार गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत स्वीकृति दी गई है। विद्यालयों की आवश्यकता और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।
जिला प्रशासन का मानना है कि बालिकाओं के लिए पृथक और उपयोगी शौचालय की सुविधा केवल स्वच्छता के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति, सुविधा और आत्मविश्वास के लिए भी महत्वपूर्ण है।
जरूरत के अनुसार आगे भी होंगे कार्य
जिले में बालिकाओं से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य आगे भी जारी रहेगा। आवश्यकता के अनुसार शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।
जिन विद्यालयों में छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इस सुविधा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है।
निर्माण में गुणवत्ता पर रहेगा विशेष ध्यान
अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में अधोसंरचना और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दे रहा है। बालिका शौचालयों के निर्माण से छात्राओं को होने वाली असुविधा दूर होने के साथ उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।



